Home उत्तर प्रदेश फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर सख्ती: तीन अधिकारियों का वेतन रोकने के...

फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर सख्ती: तीन अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपद में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा करते हुए तहसीलवार प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम एवं खंड विकास अधिकारियों से जनगणना एवं फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि डीडीएजी द्वारा उपलब्ध कराई गई ग्रामसभा वार सूची के आधार पर सभी एसडीएम लेखपालों के साथ नियमित समीक्षा करें और कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विकास खंडों में मृतकों के मृत्यु प्रमाणपत्र संकलित कर उनकी सूची संबंधित तहसीलदार को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी बीडीओ मृतकों की सूची सीधे डीडीएजी को नहीं देगा, बल्कि संबंधित तहसीलदार को ही सौंपेगा। ऑनलाइन समीक्षा के दौरान बीडीओ ऐरायां, बीडीओ बहुआ एवं एआर कोऑपरेटिव के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और तीनों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरी तल्लीनता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप लाभ पात्र किसानों तक पहुंच सके।