SAHARANPUR NEWS: चिलकाना बस स्टेण्ड पर शिव भक्ति और आधुनिकता का अनूठा संगम रविवार को देखने को मिला। यहाँ से दो शिवभक्त अजय शर्मा और सागर कुमार LED लाइटों से सजी “नंदी बाइक” पर सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए रवाना हुए। मंदिर परिसर से विदाई के समय बाइक को सफेद फर, गुलाबी LED सींगों, लाल चमकती आँखों और नीली लाइटों से सजाया गया था। बाइक देखने में साक्षात नंदी जैसी प्रतीत हो रही थी। दोनों भक्तों ने सिर पर शेर के मुखौटे पहन रखे थे और भगवा वस्त्र धारण किए हुए थे। मंदिर से निकलते ही “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के नारों से पूरा बस स्टैंड गूंज उठा। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और बच्चों ने उनके साथ सेल्फी ली। रात में जगमगाती नंदी बाइक राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। मंदिर के पुजारी सुमाष शर्मा ने बताया कि हर वर्ष कांवड़ माह में भक्त अपनी आस्था के अनुसार अनोखे तरीके से जल लेने जाते हैं। अजय और सागर हरिद्वार से जल लेकर वापस बाला सुंदरी देवी मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।







