Home उत्तर प्रदेश परिषदीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए निर्देश

परिषदीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए निर्देश

FATEHPUR NEWS: बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन और स्कूल चलो अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष कार्यों को जल्द पूरा कर सभी विद्यालयों को सभी मानकों से संतृप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालय भवनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जो जर्जर स्थिति में हैं, उनका शीघ्र ध्वस्तीकरण कराया जाए। बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों का प्रत्येक माह शत-प्रतिशत असेसमेंट कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि बच्चों को बुनियादी शिक्षा में निपुण बनाने के लिए नियमित मूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूल चलो अभियान के तहत लक्ष्य के अनुरूप नामांकन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न रहे। साथ ही आरटीई के तहत चयनित बच्चों का संबंधित विद्यालयों में शत-प्रतिशत प्रवेश कराने और उनका क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रार्थना सभा में बच्चों के जीवन से जुड़े उपयोगी क्रियाकलाप, महापुरुषों के जीवन प्रसंग और प्रेरणादायक गतिविधियां प्रतिदिन अलग-अलग कराई जाएं। शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों की रुचि खेलकूद में है, उन्हें खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाए ताकि वे आगे बढ़ सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।