KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा के सौरई बुजुर्ग गांव निवासी डॉ. शिव भवन पाल (48 वर्ष) का लंबी बीमारी के चलते बृहस्पतिवार की भोर में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग उनके निधन को समाज के लिए बड़ी क्षति बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डॉ. शिव भवन पाल काफी समय से बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
डॉ. शिव भवन पाल अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। वह जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते थे। क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में शामिल होना उनकी विशेष पहचान थी। यही कारण रहा कि उनके निधन की खबर से हर वर्ग के लोगों में दुख का माहौल दिखाई दिया। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कड़ा स्थित पावन हनुमान घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, मित्र और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान शिक्षक अजय साहू ने कहा कि डॉ. शिव भवन पाल का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वह एक समाजसेवी एवं संवेदनशील व्यक्ति थे, जो हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अच्छा और लोकप्रिय व्यक्तित्व खो दिया है।





