रस्मों के बीच उपहार भेंट कर उज्ज्वल दांपत्य जीवन की दी शुभकामनाएं
JHANSI NEWS: सामाजिक सरोकारों के लिए सदैव सक्रिय रहने वाली सनशाइन लेडीज क्लब की महिला विंग ने एक बार फिर संवेदनशील पहल करते हुए शिवाजी नगर की कन्या के वैवाहिक अवसर पर पहुंचकर उसे स्नेह, आशीर्वाद एवं उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम भावनात्मक और आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ। सनशाइन लेडीज क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. निधि अग्रवाल ने की, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी संजना गुप्ता ने निभाई। क्लब की पदाधिकारी एवं सदस्याएं कन्या उजाला के घर पहुंचीं और वैवाहिक रस्मों के बीच उसे टीका लगाकर मिष्ठान खिलाया तथा सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंजू अग्रवाल, पूनम प्रजापति सहित अन्य सदस्याएं कन्या को आशीर्वाद देते हुए भावुक नजर आईं। महिला विंग की ओर से घरेलू उपयोग के उपहार एवं व्यवहार सामग्री भी भेंट की गई, जिससे परिवार ने खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में सुनीता त्रिपाठी, कुसुमलता अग्रवाल, वीनू डालमिया, पूनम, साधना अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, गीता कनकने एवं शालिनी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। वहीं संस्थापक डॉ. अशोक अग्रवाल ‘काका’, डॉ. कृष्ण मोहन अग्रवाल, विशाल गुप्ता एवं मुकेश प्रजापति का भी सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में जरूरतमंद परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनना ही संस्था का उद्देश्य है और आगे भी इस प्रकार के सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहेंगे।





