Home उत्तर प्रदेश बहु-बेटी सम्मेलन में बालिकाओं को दिया सुरक्षा का मंत्र, साइबर ठगी और...

बहु-बेटी सम्मेलन में बालिकाओं को दिया सुरक्षा का मंत्र, साइबर ठगी और महिला अपराध से बचाव के बताए उपाय

SIDHARTHNAGAR NEWS: मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत बुधवार को सिद्धार्थनगर पुलिस ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्राओं और क्षेत्र की महिलाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष जोर

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा ऑनलाइन अपराधों से बचने के तरीकों के प्रति जागरूक करना था।

मिशन शक्ति टीम ने किया सीधा संवाद

थाना सिद्धार्थनगर की मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं और महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न आपातकालीन सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं—

  • वुमेन पावर लाइन – 1090
  • महिला हेल्पलाइन – 181
  • पुलिस हेल्पलाइन – 112
  • चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
  • एम्बुलेंस सेवा – 108
  • अग्निशमन सेवा – 101
  • एल्डर हेल्पलाइन – 14567
  • साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930

ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के बताए उपाय

उप निरीक्षक पन्नी लाल शर्मा, कांस्टेबल शुभम रावत, महिला आरक्षी अनीशा सरोज और स्नेहा मिश्रा ने डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, साइबर ठगी या महिला उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें और समय रहते पुलिस को सूचना दें।