सीओ शोहरतगढ़ चला रहे नशामुक्त अभियान, पर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे व आसपास धड़ल्ले से फल-फूल रहा नशे का कारोबार, 15 दिनों में एसएसबी की तीसरी बड़ी कामयाबी
SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बढ़नी कस्बे व आसपास के इलाकों को पूरी तरह नशामुक्त करने के लिए क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी लगातार प्रयासरत हैं और कड़े निर्देश दे रहे हैं। सीओ के इन सख्त निर्देशों और अभियानों की सराहना पूरे क्षेत्र में हो रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर ढेबरुआ थाना क्षेत्र की बढ़नी चौकी पुलिस की अकर्मण्यता और ढिलाई इस मुहिम को पलीता लगाती दिख रही है। एक ओर जहां सीमा पर मुस्तैद एसएसबी 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने महज 15 दिनों के भीतर नशे के कारोबार पर प्रहार करते हुए कार्रवाई की ‘हैट्रिक’ जमाई है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय बढ़नी चौकी पुलिस की सुस्ती सवालों के घेरे में आ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति व नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सजगता से कार्य कर रहे हैं। बताया जाता है कि 4 अगस्त की रात लगभग 8 बजे एसएसबी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक चूरामणि के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सेवरा गांव के पास नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान बलरामपुर की ओर से आ रही मोटरसाइकिल यूपी 55 बीए 2268 पर सवार आशीष कुमार (पुत्र पशुपति, निवासी ग्राम सेवरा, थाना ढेबरुआ) को रोककर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके कब्जे से 10.18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एसएसबी ने आरोपी को जब्त स्मैक व बाइक सहित ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
चिंताजनक पहलू यह है कि बीते 15 दिनों में पकड़े गए तीनों आरोपी ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे और आसपास के गांवों में ही नशे की बिक्री और सप्लाई का नेटवर्क धड़ल्ले से चला रहे थे। 20 जुलाई को 9.23 ग्राम और 29 जुलाई को 15.85 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद सेवरा के पास हुई यह तीसरी गिरफ्तारी साफ दर्शाती है कि बढ़नी कस्बे के आसपास नशे की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं। एक तरफ जहां सीओ मयंक द्विवेदी नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए हैं, वहीं बढ़नी चौकी पुलिस की शिथिलता के कारण नशे के सौदागर बेखौफ नजर आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि चौकी पुलिस भी क्षेत्राधिकारी के निर्देशों का ईमानदारी से पालन करे, तो ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे व आसपास से नशे का नामोनिशान मिटाया जा सकता है।
Home उत्तर प्रदेश क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के कड़े निर्देशों पर फेरा पानी, ढेबरुआ थाना क्षेत्र...







