SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद सिद्धार्थनगर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोटन कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर कई चोरी की घटनाओं का बड़ा पर्दाफाश किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में लोटन थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कौलपुर ग्रांट बंधा मार्ग से कौलपुर के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अब्दुल रहीम उर्फ कोहिनूर पुत्र अब्दुल कलाम,निवासी ग्राम खुर्द बभनी (थाना व जनपद सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त उपकरण, अवैध असलहा, एक होंडा मोटरसाइकिल यूपी 55 एवी 5730, एचपी गैस सिलेंडर, एंड्रॉइड व कीपैड मोबाइल फोन, सरिया, चाकू तथा चाभियों के दो गुच्छे बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों से संबंधित सामान भी बरामद किया है, जिसमें कठेला समयमाता थाना क्षेत्र के विशुनपुर कला स्थित मौलाना आजाद हाईस्कूल का ताला तोड़कर चोरी की गई इन्वर्टर, बैटरी, एम्पलीफायर, सोलर कंट्रोलर, दो पंखे व चार माइक शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चिल्हिया थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव में एक मकान के बरामदे में सो रही महिला से चुराया गया मंगलसूत्र, कान का झाला व मोबाइल फोन तथा वहीं की देशी शराब भट्टी में चोरी का माल बेचने से मिले 6,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ बलरामपुर जनपद के महराजगंज तराई थाने में गो-हत्या निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सोनी, राहुल गुप्ता, मुख्य आरक्षी इन्द्रेश कुमार, जनार्दन प्रजापति, धर्मेन्द्र कुमार, सुनील दत्त, शैलेन्द्र यादव तथा आरक्षी अभिनंदन सिंह, सूरज कुमार व आनंद निषाद शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







