जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ गौरवपूर्ण ढंग से मनाये जाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में सोमवार को संगम सभागार में 15 अगस्त ‘‘स्वतंत्रता दिवस’’ को हर्षोल्लास एवं गौरवपूर्ण ढंग से मनाये जाने की तैयारियों के सम्बंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम व पीडीए को विभिन्न चैराहों पर तिरंगा लाइटिंग लगवाये जाने एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरूषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों की साफ-सफाई एवं आस-पास में चूने का छिड़काव कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाये जाने के लिए कहा है। व्यापारियों से व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं पेट्रोल पम्प मालिको से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सजावट के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने सभी चैराहों पर देशभक्ति से सम्बंधित गीत बजाये जाने के लिए नगर निगम से कहा है। इसके साथ ही साथ उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी अस्पतालों में भी सजावट की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में तिरंगा यात्रा, विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु नगर निगम एवं जिला पंचायतराज अधिकारी को कहा है। जिलाधिकारी ने प्रत्येक ब्लाकों के ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई का अभियान चलाकर गांव को स्वच्छ बनाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाये जाने के साथ ही उन्होंने मलिन बस्तियों में भी विशेष रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं खण्ड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमदान व अन्य कार्यक्रम का आयोजन कराये जाने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी उपस्थित अधिकारियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजन के लिए निर्धारित किए गए दायित्वों का पूरी तनमयता के साथ निर्वहन किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है।
झण्डा फहराने के नियमः
प्रत्येक नागरिक को अपने आवास स्कूल तथा सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना लगाना है। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर की तरफ होनी चाहिए। झण्डे को यदि सरकारी अवसर पर फहराया जाता है तो सूर्योदय के उपरान्त ध्वजारोहण किया जाना चाहिये तथा सूर्यास्त के साथ सम्मान के साथ उतारना चाहिए। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये जाने वाले झण्डों को उसके बाद आदर भाव के साथ उतार कर रखा जाये। झण्डा उतारने के बाद किसी के भी द्वारा फेंका नहीं जायेगा उसे सम्मान के साथ फोल्ड करके रखा जाना चाहिए। किसी के घर पर झण्डा विधिवत् तरीके पर लगाया जाना चाहिए। आधा झुका, फटा या कटा झण्डा लगाया जाना निषेध होगा। इस अवसर पर सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 15 अगस्त ‘‘स्वतंत्रता दिवस’’ की तैयारियों के सम्बंध...







