त्यौहारों को लेकर शोहरतगढ़ व चिल्हिया में पुलिस का फ्लैग मार्च

शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। आगामी त्यौहार विश्वकर्मा पूजा और गणेश चतुर्थी के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति, सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए शोहरतगढ़ सर्किल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में शोहरतगढ़ और चिल्हिया दोनों थाना क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त और फ्लैग मार्च निकाला गया।
सीओ शोहरतगढ़ ने शोहरतगढ़ पुलिस बल के साथ कस्बा शोहरतगढ़ के प्रमुख मार्गों व संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने कस्बे में स्थापित होने वाले विभिन्न गणेश प्रतिमा स्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं, थाना चिल्हिया क्षेत्र के अंतर्गत सीओ मयंक द्विवेदी ने थानाध्यक्ष चिल्हिया पवन कुमार मौर्य व पुलिस बल के साथ कस्बा चिल्हिया में भी जोरदार फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आम नागरिकों व व्यापारियों को सुरक्षा का पूरा अहसास कराया और सभी से त्यौहारों को आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को शेयर करें