मिशन शक्ति 5.0: कठेला समय माता पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, नए कानूनों की दी जानकारी

प्रातःकाल एक्सप्रेस
सिद्धार्थनगर। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना कठेला समय माता की मिशन शक्ति टीम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय कठेला ग्रांट में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं, महिलाओं व शिक्षकों को संबोधित करते हुए नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। इसमें 'शून्य एफआईआर' (Zero FIR) की सुविधा, ई-एफआईआर (E-FIR), समयबद्ध न्याय प्रणाली, 'कवच परियोजना' के अंतर्गत महिला एवं बाल संरक्षण के विशेष नियम, प्रौद्योगिकी व फॉरेंसिक साक्ष्यों की भूमिका तथा पीड़ित-केंद्रित विधिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में शोहदों व असामाजिक तत्वों से निपटने तथा छेड़खानी जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 108/102 (स्वास्थ्य व एंबुलेंस सेवा), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) सहित थाने के सीयूजी नंबर (9454458050) और मिशन शक्ति केंद्र (9454408325) की उपयोगिता समझाई गई।
विद्यालय परिसर व आसपास जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए तथा छात्राओं को पम्पलेट वितरित किए गए। विद्यालय के शिक्षकों व छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे निर्भीक होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होती हैं।
इस अवसर पर मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक शिवशंकर शर्मा, उपनिरीक्षक नागेंद्र प्रसाद यादव, महिला आरक्षी मीरा रानी और रिक्रूट महिला आरक्षी अंजली चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें