मिशन शक्ति अभियान के तहत ढेबरुआ में महिलाओं को किया गया जागरूक

प्रातःकाल एक्सप्रेस
सिद्धार्थनगर। थाना ढेबरुआ क्षेत्र के ग्राम ढेबरुआ में मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा जनचौपाल का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। चौपाल में उपस्थित महिलाओं और छात्राओं ने इस पहल को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है और समाज में निडर होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, बाजारों और शिक्षण संस्थानों के आसपास शोहदों व मनचलों से निपटने और छेड़खानी जैसी घटनाओं से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही सुरक्षा संबंधी पोस्टर चस्पा कर पैम्फलेट वितरित किए गए और शासन द्वारा जारी आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 112 पुलिस सहायता, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड केयर, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 108 व 102 एम्बुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा थाने के सीयूजी नंबर 9454458050 एवं मिशन शक्ति केंद्र के नंबर 9454408325 की जानकारी दी गई। इसके अलावा कवच परियोजना और महिला संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों से भी सभी को अवगत कराया गया। इस मौके पर उपनिरीक्षक सोमनाथ शर्मा, सिपाही बृजेश गौतम और महिला आरक्षी कीर्ति कुमारी उपस्थित रहीं।
इस खबर को शेयर करें