डीएम ने ग्राम कटैयाभारी पहुंचकर बूढ़ी राप्ती के बढ़े जलस्तर से प्रभावित फसलों का लिया जायजा
बलरामपुर। बूढ़ी राप्ती नदी के जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड पचपेड़वा के ग्राम कटैयाभारी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने नदी के बढ़े जलस्तर के कारण कृषि क्षेत्र में हुए जलभराव एवं फसलों की क्षति की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव के ग्रामीणों से संवाद कर वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि गांव की आबादी पूरी तरह सुरक्षित है तथा आबादी क्षेत्र में किसी प्रकार का जलभराव नहीं है। नदी के बढ़े जलस्तर के कारण मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र एवं फसलें प्रभावित हुई हैं।
जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर प्रभावित फसलों की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित लेखपाल को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय सर्वे करते हुए फसल क्षति का समुचित आकलन शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि फसल क्षति के आकलन में किसी भी प्रभावित किसान की क्षति छूटने न पाए तथा सर्वे के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बूढ़ी राप्ती नदी के पानी की निकासी की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूढ़ी राप्ती नदी के पानी की शीघ्र निकासी के लिए आवश्यक एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे कृषि क्षेत्रों में जमा पानी तेजी से निकल सके और किसानों को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं राजस्व विभाग की टीम को क्षेत्र की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा ग्रामीणों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता के अनुरूप तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस दौरान ग्राम प्रधान बदरे आलम, एसडीएम तुलसीपुर हेमंत गुप्ता और अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।