अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार, कार समेत शराब और नकदी बरामद बकेवर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 62 पौवा देशी व आठ पौवा विदेशी शराब बरामद
फतेहपुर। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 62 पौवा देशी शराब, आठ पौवा विदेशी शराब, 17 कैन बीयर, 2060 रुपये नकद और एक वर्ना कार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर को बकेवर थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ग्राम आलमपुर में हंक डाबे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक वर्ना कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 62 पौवा देशी शराब बरामद हुई, जिसमें 32 पौवा जोशीला और 30 पौवा महबूबा ब्रांड की बताई गई है। इसके अलावा आठ पौवा आईकानिक विदेशी शराब, 17 कैन बीयर और 2060 रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने आलमपुर निवासी हिमांशु पटेल (25) और भेलगांव निवासी आशीष (32) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना बकेवर में मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, उपनिरीक्षक विकास वर्मा, उपनिरीक्षक दिवाकर कांत पांडेय, कांस्टेबल संदीप चौधरी, शैलेंद्र यादव और रिजर्व कांस्टेबल रोहित गुप्ता शामिल रहे। आबकारी विभाग की ओर से आबकारी निरीक्षक बिंदकी मनोज कुमार टीम के साथ मौजूद रहे।