17 सितंबर से शुरू होगा माहव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’, डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने कलेक्ट्रेट में की तैयारियों की समीक्षा

सिद्धार्थनगर। जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाना और सेवा व जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है। अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख मंदिरों, घाटों, प्रमुख विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में भाषण व रंगोली प्रतियोगिताएं कराने और प्रबुद्ध वर्ग के माध्यम से युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्यकत्रियों का सम्मान तथा बच्चों को कॉमिक बुक्स व पौष्टिक सामग्री का वितरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों पर शॉर्ट फिल्म और रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे, एडीएम गौरव श्रीवास्तव, एडीएम ज्ञान प्रकाश, डीडीओ राजमणि वर्मा, पीडी अनिल कुमार, डीपीआरओ वाचस्पति झा, बीएसए शैलेश कुमार, डीआईओएस अरुण कुमार और जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें