चार दिन से लापता व्यक्ति का शव खेत में मिला, चार नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
PRAYAGRAJ NEWS: चार दिन से लापता अधेड़ का शव मिलने के बाद सोमवार को परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सुभाष गांव निवासी सुरेश प्रसाद का शव रविवार को गांव के समीप खेत में मिला था। मृतक की पत्नी निर्मला देवी ने गांव के चार लोगों पर हत्या, मोबाइल फोन और रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। परिजनों का आरोप था कि पुलिस तहरीर में बदलाव का दबाव बना रही है, जिससे वे नाराज थे। सूचना पर थाना प्रभारी कोरांव राम सत्येंद्र कुमार, थाना प्रभारी खीरी कृष्ण मोहन सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में एसीपी कौंधियारा अब्दुल सलाम खान, राजस्व निरीक्षक पृथ्वीराज और लेखपाल संदीप मिश्रा ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं आवासीय पट्टा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और शाम करीब चार बजे पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शव का दाह संस्कार कराया गया। पुलिस ने विकास, आशीष, कमलेश और शर्मिला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।







