एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास’’
PRAYAGRAJ NEWS: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय ज्ञान परिषद ने देशव्यापी ऑनलाइन योग अभियान का आयोजन कर एक लाख से अधिक लोगों को एक साथ योगाभ्यास कराकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। परिषद के संयोजक आचार्य शिवेंद्र कुमार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की संपूर्ण पद्धति है। वहीं परिषद के प्रमुख आचार्य शिवम भूषण ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे मानव कल्याण का प्रभावी माध्यम बताया। विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कलाकार एवं राज्य ललित कला अकादमी संस्कृत विभाग के सदस्य कला-आचार्य रवीन्द्र कुशवाहा ने कहा कि कुंडलिनी जागृति का अलौकिक ज्ञान भारतीय योग की विश्व को प्रमुख देन है। उन्होंने योग विषय पर अपनी विश्व प्रसिद्ध पेंटिंग योगा जनजागरण हेतु समर्पित करते हुए योग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भारतीय ज्ञान परिषद ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







