Home उत्तर प्रदेश रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चार शातिर चोर किये गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चार शातिर चोर किये गिरफ्तार

80 हजार रुपये कीमत का माल बरामद, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बनाते थे निशाना
JHANSI NEWS: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी झांसी को बड़ी सफलता मिली है। थाना जीआरपी झांसी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी बिछिया तथा 5500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान जीआरपी टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को दिल्ली एंड की ओर स्थित ई-कोचिंग क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमचंद्र पुत्र भजनलाल निवासी मथुरा, अरुण जाटव, अर्जुन जाटव तथा प्रवीण कुमार जाटव निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल फोन एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो, पोको और सैमसंग कंपनी के तीन मोबाइल फोन, एक जोड़ी सफेद धातु की बिछिया और 5500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जीआरपी थाना झांसी में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक राहुल सिंह, हेड कांस्टेबल आशुतोष तिवारी तथा हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।