Home उत्तर प्रदेश कृषि शिक्षा और शोध को नई दिशा देंगे प्रो. विनीत कुमार, कृषि...

कृषि शिक्षा और शोध को नई दिशा देंगे प्रो. विनीत कुमार, कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक पद का संभाला कार्यभार

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के अंतर्गत संचालित इंस्टिट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंस में शुक्रवार को प्रोफेसर विनीत कुमार ने निदेशक पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने संस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।
प्रो. विनीत कुमार ने कहा कि संस्थान में कृषि शिक्षा, शोध एवं प्रसार गतिविधियों को नई दिशा देने के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, शोध कार्यों को किसान-केंद्रित बनाना तथा बुंदेलखंड क्षेत्र की कृषि समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करना रहेगा। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक शोध और आधुनिक तकनीकों के समन्वय से ही संभव है। संस्थान को शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
प्रो. विनीत कुमार कृषि विज्ञान के क्षेत्र में लंबे समय से अध्यापन एवं शोध कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके व्यापक अनुभव का लाभ संस्थान को शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और शोध गतिविधियों को मजबूत करने में मिलेगा। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त निदेशक का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।