मैत्री मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल, मुख्य अतिथि राजीव बबेले एवं विशिष्ट अतिथि बृजेंद्र यादव ने बढ़ाया उत्साह
JHANSI NEWS: लक्ष्मी व्यायाम मंदिर (एलवीएम) मैदान पर एलवीएम स्काईडाइव कबड्डी क्लब द्वारा आयोजित प्रथम 15 दिवसीय कबड्डी समर कैम्प का रविवार को भव्य समारोह एवं रोमांचक मैत्री मैचों के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल प्रतिभा ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के राजीव बबेले तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजेंद्र यादव, विनोद बौद्ध, रवि यादव एवं अशोक जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजीव बबेले ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। कबड्डी भारत की पारंपरिक खेल संस्कृति का गौरव है, जो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने एलवीएम स्काईडाइव कबड्डी क्लब द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण देने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि बृजेंद्र यादव ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन अवसर पर शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों की तीन टीमों के बीच मैत्री कबड्डी मुकाबलों का आयोजन किया गया। मुकाबलों का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, फिटनेस, फुर्ती और खेल भावना का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता के दौरान पृथ्वीराज सिंह, देव यादव एवं अंशु गौर ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए मैचों का सफल संचालन किया। शिविर को सफल बनाने में अकादमी के संचालक एवं मुख्य प्रशिक्षक सुरेन्द्र कुमार प्रजापति तथा सहायक प्रशिक्षक अर्जुन वर्मा का विशेष योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को कबड्डी की आधुनिक तकनीकों, शारीरिक फिटनेस, रणनीतिक कौशल तथा प्रतियोगी खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सुरेन्द्र कुमार प्रजापति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।







