लालगोपालगंज में बैठक कर अंजुमन फलाहुल मुस्लेमीन ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
PRAYAGRAJ NEWS: बरेली से लौट रहे किशनगंज निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी की ट्रेन में असामाजिक तत्वों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य अपराध के विरोध में अंजुमन फलाहुल मुस्लेमीन लालगोपालगंज के उलेमाओं व कार्यकर्ताओं ने बैठक कर घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार और रेल प्रशासन से दोशियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग किया। बिहार के किशनगंज जिले (ठाकुरगंज प्रखंड) के निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी गोरखपुर की एक मस्जिद में इमामत के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में बरेली में आयोजित उर्स-ए-ताजुश्शरिया में सम्मिलित होने गए थे। 26 अप्रैल को वापसी के दौरान वह ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने लूटपाट के इरादे से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट किया। जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। मौलाना का शव बरेली जंक्शन के समीप बरामद हुआ था। घटना से मुस्लिम समुदाय एवं उलेमाओं में शोक व आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। अंजुमन फलाहुल मुस्लेमीन के पदाधिकारियों ने लालगोपालगंज स्थित मुख्यालय में बैइक किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मौलाना अब्दुल रहमान फारुकी मुस्तफाई ने कहा कि यह एक अत्यंत दर्दनाक व कायराना कृत्य है। चलती ट्रेन में एक धार्मिक व्यक्ति की हत्या सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मांग की गई कि आरोपियों को चिह्नित कर कानून के तहत सख्त सजा दी जाए, साथ ही पीड़ित परिवार उचित मुआवजा दिया जाए।





