Home उत्तर प्रदेश महुली में गाय को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप, तीन पर केस...

महुली में गाय को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप, तीन पर केस दर्ज

उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कोरांव ने किया पोस्टमार्टम
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के महुली गांव में एक गाय को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डालने का मामला सामने आया है। पीड़ित पशुपालक की शिकायत पर पुलिस ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महुली गांव निवासी पवन कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के राम भवन मौर्य, उनके पुत्र अर्जुन मौर्य और पत्नी ने मिलकर उनकी गाय को लाठी-डंडों से पीटा। उनका आरोप है कि गंभीर रूप से घायल गाय ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। पवन कुमार विश्वकर्मा ने इस घटना की सूचना कोरांव पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।मामले को लेकर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कोरांव डॉ. ईश्वरी नारायण यादव ने रविवार शाम करीब 5 बजे मृत गाय का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान कुछ हंगामा भी हुआ, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम संपन्न कराया गया।डॉ. ईश्वरी नारायण यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सील पैक होकर संबंधित अधिकारी को दी जाएगी और अभी उसके बारे में कुछ बताया नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम के बाद मृत गाय को जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।