Home उत्तर प्रदेश दुकान पर सो रहे युवक पर जेसीबी से जानलेवा हमले का आरोप,...

दुकान पर सो रहे युवक पर जेसीबी से जानलेवा हमले का आरोप, बाल-बाल बची जान

रात डेढ़ बजे हुई घटना, शोर सुनकर जुटे ग्रामीण; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
PRAYAGRAJ NEWS: यमुनानगर क्षेत्र के थाना खीरी अंतर्गत ग्राम डीही खुर्द में शनिवार देर रात एक युवक पर जेसीबी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी चारपाई और तख्त क्षतिग्रस्त हो गए। मामले को लेकर पीड़ित ने थाना खीरी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डीही खुर्द निवासी भोला शंकर पुत्र राम अभिलाष अपनी दुकान पर रखी चारपाई पर शनिवार रात लगभग 1:30 बजे लेटे हुए थे। आरोप है कि उसी दौरान ग्राम गुलालपुर निवासी मुलायम सिंह यादव पुत्र अयोध्या प्रसाद यादव जेसीबी लेकर पहुंचे और जेसीबी के चोंगे से दुकान के पास रखे तख्त में जोरदार धक्का मार दिया। धक्का लगने से तख्त टूट गया तथा चारपाई भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय वह जाग रहे थे, जिससे किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद आरोपी जेसीबी लेकर मौके से तेजी से फरार हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम आरोपी के घर तक भी गई। पीड़ित भोला शंकर ने थाना खीरी में लिखित तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।