बोले—हाईकमान ने मौका दिया तो पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का करूंगा प्रयास
JHANSI NEWS: समाजवादी पार्टी से जुड़े सुनील कुशवाहा ने शनिवार को अपना जन्मदिन क्षेत्र में जनसंपर्क एवं आशीर्वाद कार्यक्रमों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बबीना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की तथा बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। उनके जन्मदिन के अवसर पर समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुनील कुशवाहा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह सखी के हनुमान मंदिर बब्बा का आशीर्वाद लेकर उन्होंने अपने दिन की शुरुआत की। इसके बाद बड़ागांव, पचारा, चिरगांव, चिरगांव बाजार, सिया, परई, सिमरा, एरचा, डगरवाहा, राजापुर, चमरोआ, सिमरावारी, बबीना, सिमिरिया तथा बरुआसागर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान समर्थकों ने जगह जगह केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सुनील कुशवाहा ने लोगों से संवाद करते हुए क्षेत्र की समस्याओं, विकास और आमजन की अपेक्षाओं को लेकर चर्चा की। सुनील कुशवाहा इन दिनों 222 बबीना विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में जुटे हैं। जन्मदिन के अवसर पर गांव-गांव जनसंपर्क का कार्यक्रम भी उनकी इसी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से उनका लगातार संपर्क बना हुआ है। उनका उद्देश्य बबीना विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना है। बबीना विधानसभा से समाजवादी पार्टी की ओर से दावेदारी के सवाल पर सुनील कुशवाहा ने कहा कि पार्टी में अंतिम निर्णय हाईकमान का होता है। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें बबीना विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने का अवसर देता है, तो वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन के प्रति उनकी पूरी आस्था है और वह नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार कार्य करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जनता और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलने वाले स्नेह एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम को लेकर समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिवम् यादव, अवदेश यादव, विकास यादव, गौरव कुशवाहा, नरेंद्र सिंह, नरेश ठाकुर, संजीव कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे.







