MIRZAPUR NEWS: मड़िहान स्थित तीसुही के एस.एस.पी.पी.डी.पी.जी. कॉलेज के छात्र प्रतिनिधि नितेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को बी.एड. प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की मांग को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। छात्र-छात्राओं को परिणाम में हो रही देरी के कारण शैक्षणिक गतिविधियों में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं फरवरी माह में ही संपन्न हो चुकी हैं, लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। इस विलंब से छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में प्रवेश, विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में बाधा आ रही है। नितेश कुमार पाण्डेय ने प्राचार्य से अनुरोध किया कि वे विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर परिणाम घोषित कराएं, ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। प्राचार्य की अनुपस्थिति में बी. एड. विभाग के विभागाध्यक्ष रवि भूषण तिवारी ने ज्ञापन स्वीकार किया। विभागाध्यक्ष रवि भूषण तिवारी ने छात्रों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों तक विषय पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बी.एड. विभाग के कई छात्र-छात्राएं और अध्यापकगण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में छात्रों के हित में शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की मांग का समर्थन किया। ज्ञापन सौंपने वालों में अरूणा सिंह, प्रियंका मौर्य, रूबी पटेल, तपेश कुमार, ओसमा आ, पूनम गुप्ता सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं शामिल थे।







