Home उत्तर प्रदेश जनपद के कोने-कोने में संचालित हो रहे हैं इंटर कॉलेज व अवैध...

जनपद के कोने-कोने में संचालित हो रहे हैं इंटर कॉलेज व अवैध कोचिंग सेंटर

MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय) जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की मिलीभगत से जनपद के हलिया, लालगंज, मड़िहान, राजगढ़, पड़री, कछवां, चुनार, अहरौरा, अदलहाट आदि क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कुकुरमुत्ते की तरह अवैध इंटर कॉलेज व कोचिंग संस्थान धड़ल्ले से चल रहे हैं। सभी संस्थान रिहायशी आवास में चल रहे हैं, न कि कमर्शियल कॉम्प्लेक्स पर। और उनके पास आपातकाल से निपटने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ग्रामीण इलाकों में तेजी से खुल रहे कंप्यूटर सेंटर, कोचिंग सेंटर और डिजिटल एजुकेशन लाइब्रेरी अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। कई संस्थान बिना जरूरी मानकों और बुनियादी सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि कई जगहों पर न अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही आपातकालीन निकास की सुविधा। सीमित जगह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के बैठने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेंगे? स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन अक्सर किसी बड़े हादसे के बाद ही सक्रिय होता है। अगर समय रहते निरीक्षण और जांच हो जाए, तो संभावित हादसों को रोका जा सकता है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मानक विहीन संस्थानों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लखनऊ में हुए अग्निकांड से सभी अभिभावक कोचिंग संस्थान में बच्चों को भेजने से अब भय खा रहे हैं।