PRATAPGARH NEWS: रायपुर तियांई से चिरकुटी बाजार के लिए स्वीकृत हुए निर्माणाधीन बाईपास को लेकर प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलने से किसानों का आक्रोश बढ़ता दिख रहा है। गुरूवार को भारतीय किसान आंदोलन के बैनरतले बड़ी संख्या में जुटे प्रभावित किसानों ने तहसील परिसर मे धरना प्रदर्शन किया। भारतीय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में किसानो ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा को सौंपा। ज्ञापन में इस बात पर आक्रोश जताया गया है कि बाईपास के लिए किसानों की जमीन के अधिग्रहण की उन्हें नोटिस नही दी गयी। राष्ट्रीय अध्यक्ष राव वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा न दिया जाना अक्षम्य है। उन्होने कहा कि मुआवजा मिलने तक यदि किसानो के खेत में भौगोलिक परिवर्तन किया गया तब इसका जोरदार विरोध होगा। धरना प्रदर्शन का संचालन जिलाध्यक्ष राकेश गिरि ने किया। इसके बाद किसानो ने एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने किसानों को समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर महिला मण्डल अध्यक्ष अनीता गौतम, तहसील इकाई अध्यक्ष गीता देवी, रामदीन, सुभाष, रमेश कुमार यादव, आशीष पाल, दिनेश कुमार, दुर्गेश, राजकुमार, छोटे लाल वर्मा, राजपति, लखपती, कमला देवी, निर्मला आदि मौजूद रहे।







