JHANSI NEWS: महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में जनपद स्तरीय विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने गर्मी को देखते हुए निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर विद्युत तार बदलने, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि तथा जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि शहर में नया ट्रांसमिशन कार्य प्रगति पर है, जिससे बिजली समस्या का समाधान होगा। बैठक में अतिकुपोषित 5533 बच्चों में से 5231 बच्चों के सुधरीकरण पर संतोष व्यक्त किया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड एवं उपचार कार्यों की भी सराहना की गई। महिला पॉलिटेक्निक एवं राजकीय पॉलिटेक्निक में सीटों के सापेक्ष प्रवेश बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 15 महिला लाभार्थियों को टूलकिट एवं प्रमाणपत्र वितरित कर शुभकामनाएं दीं। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।





