व्यापारिक हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर मिला दायित्व, व्यापारियों में खुशी की लहर
JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल (रजि.) द्वारा सीपरी बाजार व्यापार महासमिति के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ व्यापारी संजय चड्डा को मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन उनके द्वारा व्यापारिक हितों से जुड़ी सेवाओं, संगठन के प्रति सहयोग एवं निष्ठा को देखते हुए किया गया है। संजय चड्डा, जो आजाद गंज स्थित चड्डा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल्स के संचालक हैं, लंबे समय से व्यापारियों की समस्याओं और बाजार हितों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद सीपरी बाजार क्षेत्र के व्यापारियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल (रजि.) के प्रदेश अध्यक्ष संजय पटवारी द्वारा जारी मनोनयन पत्र में कहा गया है कि संगठन को आशा है कि संजय चड्डा अपने अनुभव, समय और नेतृत्व क्षमता से संगठन को और अधिक गतिशील एवं मजबूत बनाएंगे। साथ ही उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई है। जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार व्यापार महासमिति का पूर्व कार्यकाल पूर्ण होने के बाद महासमिति की कार्यकारिणी पहले ही भंग कर दी गई थी, जिसके बाद नए अध्यक्ष के रूप में संजय चड्डा की नियुक्ति की गई है। मनोनयन पत्र के अनुसार यह नियुक्ति आगामी दो वर्षों अथवा अगले मनोनयन पत्र जारी होने तक प्रभावी रहेगी। व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे संगठन को नई ऊर्जा देने वाला फैसला बताया है।



