32 रक्तवीरों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
AMBEDKAR NAGAR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) रविवार को नव्या ग्रीन फाउंडेशन द्वारा मेडसिटी क्लीनिक, रामनगर में डॉ. शैलेश यादव के यहां रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी आलापुर धर्मेंद्र सिंह और सेवा ही धर्म टीम के संस्थापक वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। रक्तदान शिविर बीसीटी ब्लड बैंक की वैन, अयोध्या के माध्यम से कराया गया. उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि रक्तदान सर्वश्रेष्ठ दान है, यह महादान है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान एक नहीं, अनेकों जीवन बचा सकता है, इसलिए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। नव्या ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी नीरज मौर्य ने 19वीं बार रक्तदान करने के बाद कहा कि हम जो रक्तदान करते हैं, वह किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करता है, यह उनकी स्वास्थ्य स्थिति को बेहतर बनाता है और उन्हें उनकी गंभीर स्थिति से उबरने में मदद करता है। समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर रोगियों, गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की एक-एक बूंद अनमोल है। शिविर में 37 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से स्वस्थ पाए गए 32 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रक्त केंद्र से डॉ. महेश यादव, पीआरओ विंदेश्वरी प्रसाद, काउंसलर दीपक नाग, लैब टेक्नीशियन अमरजीत वर्मा, सूरज पांडेय, शिशिर, अजय, अरुण, शिव बहादुर, डॉ. शैलेश यादव, समाजसेवी अब्दुल्ला इदरीशी, नदीम हैदर, सदानंद गुप्ता, भाजपा नेता आनंद जायसवाल, आदित्य मौर्य, प्रधानाचार्य नागेंद्र बहादुर यादव, पत्रकार रमेश मौर्य, जगदीप गौतम, राहुल मौर्य, आसिफ हाशमी, सरफराज अहमद, विनय, सनी व अन्य लोग मौजूद रहे।







