VARANASI NEWS: स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), वाराणसी में एमकॉम, बीकॉम (ऑनर्स) एवं बीए (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में एसएमएस वाराणसी के निदेशक प्रो. पी. एन. झा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावहारिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिनर्जी समूह, वाराणसी के चेयरमैन एवं सीईओ श्री रजत मोहन पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इन अवसरों का लाभ वही विद्यार्थी उठा सकते हैं जो ज्ञान के साथ कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार और व्यावहारिक सोच की ओर प्रेरित करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि भविष्य में रोजगार सृजन करने की क्षमता भी विकसित करें। पाठक ने विद्यार्थियों से अपने आसपास के परिवर्तनों को समझने, नए विचारों के साथ प्रयोग करने तथा अपने क्षेत्र में निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक के बीच संतुलन स्थापित करते हुए नई संभावनाओं की तलाश करना आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि ऑल इंडिया रेडियो, गोरखपुर के असिस्टेंट डायरेक्टर–प्रोग्राम/हेड ऑफ प्रोग्राम अशोक पांडेय ने विद्यार्थियों को प्रसारण एवं मीडिया क्षेत्र की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने मीडिया के क्षेत्र में प्रभावी संचार, रचनात्मकता, भाषा पर पकड़ तथा निरंतर अभ्यास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को रेडियो, ऑडियो कंटेंट, प्रसारण एवं डिजिटल माध्यमों में तेजी से हो रहे बदलावों को समझने तथा बदलती मीडिया तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि सीकैन फिनसर्व प्रा. लि. के एमडी अश्वनी कुमार ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन, निरंतर सीखने और व्यावहारिक दक्षताओं को विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पेशेवर जीवन में सफलता केवल शैक्षणिक योग्यता से नहीं मिलती, बल्कि उसके लिए जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता, सीखने की इच्छा और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता भी आवश्यक है। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राज कुमार सिंह ने बी.कॉम. (ऑनर्स), बी.ए. (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन एवं एम.कॉम. कार्यक्रमों के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी। डॉ श्रुति सिंह ने संस्थान के प्रीएंबल से विद्यार्थियों को परिचित कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. खुशबू कुमार व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. वीर प्रताप ने दिया। इस अवसर पर संस्थान के अधिशासी सचिव डॉ एम.पी. सिंह, कुलसचिव श्री संजय गुप्ता, डॉ शिशिर गुजराती, समन्वयक – एमकॉम, डॉ वीरप्रताप, समन्वयक – बीकॉम (ऑनर्स), डॉ ईशान त्रिपाठी, समन्वयक – बीए (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन, सहित समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे।







