Home उत्तर प्रदेश रसोइयों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार

रसोइयों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार

FATEHPUR NEWS: रक्षाबंधन से पहले प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण रविवार को फतेहपुर जनपद की सभी छह विधानसभाओं में किया गया। कार्यक्रमों में विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइया शामिल हुए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत रसोइयों का मासिक मानदेय रुपए 2,000 से बढ़ाकर रुपए 3,000 कर दिया गया है। इसके साथ ही वर्ष में एक बार मिलने वाला वस्त्र-परिधान भत्ता भी रुपए 500 से बढ़ाकर रुपए 1,000 कर दिया गया है। रसोइयों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रुपए 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को रुपए 2 लाख की सामाजिक सुरक्षा गारंटी देने की घोषणा की गई। फतेहपुर सदर विधानसभा में गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। अयाह शाह विधानसभा के असोथर में विधायक विकास गुप्ता की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जहानाबाद में विधायक राजेंद्र पटेल की मौजूदगी में वृंदावन गेस्ट हाउस, जबकि बिंदकी में विधायक जयकुमार सिंह जैकी की उपस्थिति में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम हुआ। खागा विधानसभा के खखरेरू में मंत्री प्रतिनिधि विकास पासवान, ब्लॉक प्रमुख हसवा और नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में रानी चन्द्र प्रभा डिग्री कॉलेज खागा में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, खागा नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह सहित अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। सरकार की घोषणाओं का सभी कार्यक्रम स्थलों पर मौजूद रसोइयों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विकासखंडों से आए बड़ी संख्या में रसोइयों ने सहभागिता की।