Home उत्तर प्रदेश दूल्हा हत्याकांड मामले की हो निष्पक्ष जांच, सभी दोषियों के खिलाफ समान...

दूल्हा हत्याकांड मामले की हो निष्पक्ष जांच, सभी दोषियों के खिलाफ समान रूप से हो कार्रवाई : लकी यादव

सपा विधायक बोले—मुख्यमंत्री की कथित टिप्पणी पीड़ितों को न्याय नहीं, प्रतिशोध के रास्ते पर धकेलने वाली
JAUNPUR NEWS: चर्चित दुल्हा हत्याकांड में मृतक की बहन सौम्या बिंद द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मल्हनी से समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का मुखिया पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय कथित रूप से प्रतिशोध की भावना के लिए प्रेरित कर रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मल्हनी विधायक लकी यादव ने कहा कि  दूल्हा हत्याकांड में अपने भाई को खो चुकी सौम्या बिंद का दर्द पूरे समाज का दर्द है। उन्होंने कहा कि मीडिया के सामने आए वीडियो में सौम्या बिंद ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे मुलाकात के दौरान अपने भाई का बदला लेने की बात कही। यदि ऐसा कहा गया है तो यह एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए बेहद चिंताजनक और असंवेदनशील टिप्पणी है।
लकी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का दायित्व पीड़ितों को न्याय दिलाना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है, न कि किसी को अपराध और प्रतिशोध के रास्ते पर जाने के लिए प्रेरित करना। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में केवल रवि यादव का एनकाउंटर किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि सरकार निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय चयनात्मक रवैया अपना रही है।
सपा विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यप्रणाली से यह संदेश जा रहा है कि कुछ आरोपियों को बचाने और कुछ को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी दोषियों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए। कहा कि प्रदेश की जनता न्याय चाहती है, प्रतिशोध नहीं। यदि पीड़ित परिवार के दावों में सच्चाई है तो यह बेहद गंभीर मामला है। सरकार को राजनीति छोड़कर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। मैं बहन सौम्या बिंद को आश्वस्त करना चाहता हूं कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भी पीड़ित परिवार को पूरा न्याय दिलाया जाएगा।