Home उत्तर प्रदेश ट्रेनिंग सेंटर में हड़कंप, अपहरण की सूचना पर पहुंची पुलिस

ट्रेनिंग सेंटर में हड़कंप, अपहरण की सूचना पर पहुंची पुलिस

FATEHPUR NEWS: शहर के शादीपुर गैस गोदाम रोड स्थित एक मैरिज हॉल में चल रहे ट्रेनिंग सेंटर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अपनी छोटी बहन के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी के नाम पर कुछ युवक-युवतियों को बंद कमरे में ट्रेनिंग दी जा रही थी। इसी दौरान एक युवती ने अपनी बहन का फोन बंद मिलने पर अनहोनी की आशंका जताई और पुलिस को बुला लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पूछताछ की। इस दौरान ट्रेनिंग दे रहे लोग कंपनी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं दिखा सके। साथ ही, वहां किसी प्रकार का बोर्ड या बैनर भी नहीं लगा था, जिससे लोगों में संदेह की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी न तो पुलिस को थी और न ही अन्य विभागों को। उन्होंने आशंका जताई कि युवाओं को गुमराह कर गलत गतिविधियां कराई जा रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने ऐसी संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।