गुलालपुर-तेतारपुर में बॉक्स कल्वर्ट व पहुंच मार्ग तथा करंजाकला में सड़क लेपन कार्य का शुभारंभ, बेहतर आवागमन सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त
JAUNPUR NEWS: खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र जौनपुर सदर में सोमवार की शाम विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए लगभग 1.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और आमजन के जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने ग्राम गुलालपुर-तेतारपुर में 92.42 लाख रुपए की लागत से विजय फार्मेसी के पास नाले पर बॉक्स कल्वर्ट, पहुंच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विकास खंड करंजाकला में 35.20 लाख रुपए की लागत से शारदा सहायक खंड-36 से चंद्रिका मंदिर के पास से उमानाथ सिंह के घर होते हुए हरिजन बस्ती तक लेपन कार्य का भी शुभारंभ किया।
कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पुल और संपर्क मार्ग जैसी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सड़क एवं पुल निर्माण से न केवल लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री ने कहा कि जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है और भविष्य में भी जन अपेक्षाओं के अनुरूप नए कार्य कराए जाएंगे। राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता के धन से होने वाले प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास मेरे सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य है। क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की सुविधाओं के विस्तार के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।







