JAUNPUR NEWS: मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने अलीगंज स्थित निजी कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आग लगने के दौरान कई बच्चों के अंदर फंसे होने की सूचना अत्यंत चिंताजनक है और सभी विद्यार्थियों के सकुशल होने की प्रार्थना की। विधायक ने आग से बचने के लिए ऊंचाई से कूदकर घायल हुए छात्रों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों एवं संस्थान प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा मानकों को लागू करने पर बल दिया।







