Home उत्तर प्रदेश डीएम की अध्यक्षता में गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग की हुई...

डीएम की अध्यक्षता में गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग की हुई समीक्षा बैठक

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख)  कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के प्रगतिशील गन्ना कृषकों एवं गन्ना सहकारी समितियों के अध्यक्षों की उपस्थिति में गन्ना उत्पादन बढ़ाने एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गन्ना कृषक बंधुओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा गन्ने की उपज में वृद्धि हेतु आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक मशीनरी, वैज्ञानिक खेती एवं बेहतर प्रबंधन तकनीकों का उपयोग आवश्यक है।
बैठक में कृषकों को गन्ने की कतार से कतार की दूरी 4 से 5 फीट रखने, यांत्रिक उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा उन्नत कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किए जाने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही गन्ना उत्पादन में वृद्धि के लिए क्लस्टर आधारित खेती को अपनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिससे लागत में कमी और उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गन्ना कृषकों को तकनीकी जानकारी एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसान अधिक उत्पादन के साथ बेहतर आय प्राप्त कर सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, जिला गन्ना अधिकारी श्री संजय कुमार, गन्ना समिति अध्यक्ष बलरामपुर श्री रणवीर सिंह रानू, गन्ना समिति अध्यक्ष उतरौला श्री तोताराम वर्मा, श्री प्रदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।