मामले में एसआईटी गठित होने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज न होने पर जिला कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान परबुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित एक मांग पत्र उप जिलाधिकारी राहुल सिंह के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान, चढ़ावे एवं रामधन से संबंधित कथित घोटाले तथा चोरी के प्रकरण में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग प्रमुखता से की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र है और इसके दान-चढ़ावे में अनियमितता व चोरी की खबरों ने देशवासियों की धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश सरकार स्वयं इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर चुकी है, तो अब तक एफआईआर दर्ज न होना कई गंभीर संदेह पैदा करता है। सरकार को दोषियों को संरक्षण देने के बजाय उनके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। इसी क्रम में प्रदेश सचिव डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह एवं डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी व्यक्ति या संस्था विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि हमेशा सत्य, पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर रही है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया गया दान जनता की आस्था का प्रतीक है, इसलिए उसके प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता होनी ही चाहिए। वहीं सादिक अहमद, अशोक गुप्ता एवं सतीश चन्द्र त्रिपाठी ने दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस कथित घोटाले के दोषियों को कानून के अनुसार सख्त दंड नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी के लोग चुप नहीं बैठेंगे और सड़कों पर उतर कर एक बड़ा आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से अश्विनी सिंह सोलंकी, रियाज़ मनिहार, कपिल देव यादव, मैनुद्दीन, युवा नेता सौरभ पंछी, अकील अहमद मुन्नू, गालिब बिसेन, ऋषिकेश मिश्रा, इश्तियाक चौधरी, मुकेश चौबे, रियाजउद्दीन राईनी, रितेश त्रिपाठी, दिवाकर त्रिपाठी, ओमप्रकाश दूबे, शाहिद महबूब, राजकुमार, संतोष, विशाल, शौकत अली और अकरम अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







