BALRAMPUR NEWS: कमाल खान जनपद बलरामपुर के स्पोर्ट स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर वर्ग बालक एवं बालिका एथलेटिक्स एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने हैंडबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल अधिकारियों द्वारा खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ ली गई। जिलाधिकारी द्वारा खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ को टी-शर्ट वितरित की गई, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को भी मजबूत करता है। प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में रिले रेस के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और स्पोर्ट स्टेडियम में सकारात्मक एवं ऊर्जावान वातावरण में खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हो रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने एवं उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी, प्रशिक्षकगण, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश स्पोर्ट स्टेडियम में जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ,...







