PRATAPGARH NEWS: जीएनएम छात्रा को अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर भेजवाया गया। जहां चिकित्सको ने घायल छात्रा को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर लीलापुर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जनपद के बाघराय थानान्तर्गत उमरापटी गांव निवासी बृजलाल यादव की इक्कीस वर्षीया पुत्री ज्योति यादव लीलापुर थानान्तर्गत सगरा सुंदरपुर से पहाड़पुर मार्ग पर स्थित संजीवनी नर्सिंग कालेज में जीएनएम की छात्रा थी। छात्रा ज्योति गुरूवार को सुबह ग्यारह बजे कालेज से लालगंज जाने के लिए निकली थी। सगरा सुंदरपुर पुलिस चौकी के समीप वह ईरिक्शा पर बैठने जा रही थी कि इसी बीच पीछे से तेज गति से आये टैªक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। छात्रा के सड़क पर गिरने से ट्रैक्टर के पहिया की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने छात्रा ज्योति यादव को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक लीलापुर अमला सिंह का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेजवाया गया है, मृतका छात्रा के भाई अभिषेक की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।







