FATEHPUR NEWS: पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर ने बताया कि उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर के मार्गदर्शन में बुधवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर एचएनबी बहुगुणा इंटर कॉलेज एवं पीसीपी इंटर कॉलेज हुसैनगंज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पलाश गांगुली ने किया। कार्यक्रम का संचालन पराविधिक स्वयं सेवक अवधेश कुमार, अजमेर और शेखर द्वारा किया गया। शिविर में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को आपसी विवादों के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सुलह-समझौता केंद्र की जानकारी दी गई। सचिव श्री गांगुली ने बताया कि प्रत्येक तहसील स्तर पर पराविधिक स्वयं सेवकों की तैनाती की गई है, ताकि आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी एवं पराविधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहे।







