KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी कौशांबी डा अमित पाल के निर्देशानुसार एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने “टॉप 10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के अंतर्गत बृहस्पतिवार को अफजलपुर सातों गांव में कैम्प आयोजित कर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवाद से संबंधित कुल 05 शिकायतों का ग्राम स्तर पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया। कैम्प में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम की गाटा संख्या 2590 एवं 2616, तालाब की लगभग 6 बीघे भूमि पर हुए अवैध कब्जे को ट्रैक्टर से जोतकर अतिक्रमण मुक्त कराया। इसी प्रकार बलराम निषाद के आबादी में रास्ते के विवाद का समाधान किया गया। अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित किया गया। गंगा के किनारे भूमि की चिन्हांकन कर पट्टेदारो के विवाद को निस्तारित किया। एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने ग्रामवासियों को जमीनी विवाद से बचने एवं कोर्ट से जमीनी विवाद निपटाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। इसके साथ उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नायब तहसीलदार अतुल कुमार, राजस्व निरीक्षक लव प्रसाद द्विवेदी, लेखपाल राम कृष्ण सहित तमाम लोग मौजूद रहे।







