``` ```

युवा जागृति मिशन कार्यशाला में विद्यार्थियों को दिया सफलता, संस्कार और अनुशासन का संदेश होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुजफ्फरनगर में हुआ प्रेरणादायक कार्यशाला का आयोजन

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुजफ्फरनगर में आज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनमें सकारात्मक जीवन मूल्यों का संचार करने के उद्देश्य से ‘युवा जागृति मिशन’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता इंजीनियर श्रीपाल तोमर, रोहिणी दिल्ली रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता श्रीपाल तोमर, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, राजकुमार मलिक, नितिन कुमार एवं योग शिक्षक सतकुमार जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता श्रीपाल तोमर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बुरी आदतों का त्याग करना और अच्छी आदतों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थी जीवन ही वह समय है, जब अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अनुशासन के माध्यम से एक सफल व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से गलत संगति से बचने और अच्छे मित्रों का चुनाव करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा अवस्था में अपनाई गई आदतें व्यक्ति के भविष्य को प्रभावित करती हैं। गलत संगति में पड़कर विद्यार्थी नशे जैसी बुरी आदतों के शिकार हो सकते हैं, जिससे उनका भविष्य और जीवन दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही अच्छे मित्रों के साथ रहना चाहिए तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करना चाहिए।
इस खबर को शेयर करें