भाजपा की साजिशों के बावजूद बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों पर हुआ मतदान: डॉ मानसिंह यादव
प्रयागराज। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इलाहाबाद-झांसी से सपा प्रत्याशी एवं वर्तमान एमएलसी डॉ मानसिंह यादव ने कहा कि भाजपा की तमाम साजिशों के बावजूद लोगों ने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, पेपर लीक, आरक्षण में मनमानी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए जीत के प्रति आश्वस्त होने की बात कही। सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज में पीठासीन अधिकारी द्वारा मतपत्र पर खड़ी पाई के बगल में जीरो लगाने की सलाह देने और सेक्टर मजिस्ट्रेट के हाथ में भाजपा प्रत्याशी के नाम की पर्ची मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। प्रत्याशी डॉ मानसिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर एसडीएम और एसीपी से कार्रवाई की मांग की। प्रवक्ता के अनुसार हरवारा पोलिंग सेंटर पर दो फर्जी वोटर पकड़े गए, वहीं रणजीत पंडित इंटर कॉलेज नैनी और सेंट एंथोनी में भी गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं। सपा ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, समर्थकों को डराने-धमकाने और मतदान केंद्र 20 किमी से अधिक दूर आवंटित करने जैसी साजिशों के बावजूद लोगों ने मतदान किया। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने विकास खंड प्रतापपुर मुख्यालय स्थित बूथ संख्या 91अ में मतदान किया, जबकि डॉ मानसिंह यादव ने कंपोजिट विद्यालय हरवारा में सुबह 8 बजे वोट डाला।