नकुड़ पुलिस ने 24 घंटे में मंदिर से दानपात्र चोरी का किया खुलासा
सहारनपुर। थाना नकुड़ पुलिस ने मंदिर से दानपात्र चोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वादी मनोज कुमार निवासी मोहल्ला अफगनान, कस्बा नकुड़ ने तहरीर दी थी कि 22 अक्टूबर को अज्ञात व्यक्ति ने तहसील के पास स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र चोरी कर लिया। इस पर थाना नकुड़ पर मु.अ.सं. 545/26 धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण और सीओ नकुड़ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त सुमित उर्फ मीचू पुत्र राजकुमार निवासी सुजादपुरा, नकुड़ को ईदगाह के आगे नकुड़-शुक्रताल रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दानपात्र के 660 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि पैसे निकालकर दानपात्र को सुजादपुरा के तालाब के गहरे पानी में फेंक दिया था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।