मुजफ्फरनगर में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 55.47 प्रतिशत मतदान
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के तहत मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। जिले में कुल 55.47 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें स्नातक निर्वाचन में 45.46 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन में 65.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में जिले के 13 मतदान केंद्रों पर बने 56 मतदेय स्थलों पर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। पर्यवेक्षक राजशेखर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी सूरज कुमार राय ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और आचार संहिता के पालन का जायजा लिया। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में पूरे दिन मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुई।