मीरापुर में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना मीरापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान आदिल रशीद पुत्र सगीर निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चार एटीएम कार्ड और बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान चल रहा है। एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के निर्देशन और सीओ जानसठ ऋषिका सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मीरापुर इंद्रजीत सिंह की टीम 23 अक्टूबर को चुड़ियाला रजवाहे की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। कुतुबपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आदिल रशीद थाना मीरापुर के मुकदमा संख्या 130/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। उस पर गाजियाबाद, प्रयागराज, अलीगढ़, पुणे और मुजफ्फरनगर में धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज हैं। बरामद एटीएम कार्डों की जांच की जा रही है।