व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं, सामूहिक भविष्य का सवाल है बुंदेलखंड राज्य : सत्येन्द्र पाल सिंह
झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि पृथक बुंदेलखंड राज्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा सामूहिक सवाल है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य आंदोलन व्यक्तिगत लाभ का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य, विकास और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बुंदेलखंड क्रांति दल सरकार में नहीं है, इसलिए किसी अधिकारी पर दबाव बनाकर व्यक्तिगत काम कराने की राजनीति संगठन नहीं करता। कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत जायज कार्यों में यथासंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का विश्वास भय या दबाव में नहीं, बल्कि कानून के शासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था में है।
सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि संगठन किसी खनिज माफिया, भू-माफिया, सट्टा माफिया, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े व्यक्ति का संरक्षण नहीं करता। उन्होंने बुंदेलखंड राज्य समर्थकों से व्यक्तिगत मतभेद और स्वार्थ से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कोई गांव में जागरूकता फैलाए, कोई युवाओं को जोड़े, कोई संवाद करे या लेख लिखे—हर व्यक्ति अपने स्तर पर आंदोलन को मजबूत कर सकता है। “बुंदेलखंड राज्य का निर्माण किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की एकजुट आवाज से संभव होगा।”