पोलियो मुक्त भारत का संदेश लेकर सड़कों पर उतरेंगे 10 हजार रोटेरियन और विद्यार्थी
मुजफ्फरनगर।विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर 24 अक्टूबर को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की ओर से पोलियो उन्मूलन और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से पोलियो एवं फिटनेस जिला रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी देने के लिए गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई जिसमें रोटरी पदाधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा साझा की।प्रेस वार्ता में रोटेरियन सुनील अग्रवाल, पोलियो प्लस सोसायटी उपसमिति अध्यक्ष; रोटेरियन विकास भार्गव,जिला पोलियो निदेशक;रोटेरियन डॉ. नितिन जैन,फिटनेस समिति निदेशक;नवीन सिंघल,शरद जैन और संदीप गुप्ता ने रैली के संबंध में जानकारी दी।उन्होंने बताया कि रैली का उद्देश्य पोलियो उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना,प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने का संदेश घर-घर तक पहुंचाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति प्रेरित करना है।रैली नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज से शुरू होकर जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस हॉल में संपन्न होगी।इस दौरान नियमित टीकाकरण और बच्चों के स्वस्थ भविष्य के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।रैली में करीब 500 विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके अलावा मुजफ्फरनगर के सभी रोटरी क्लबों के सदस्य तथा खतौली,शामली और बड़ौत सहित आसपास के क्षेत्रों से रोटेरियन शामिल होंगे।मंडल 3100 की गवर्नर रोटेरियन पायल गौर मुख्य अतिथि होंगी,जबकि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और पोलियो अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमित्रा सिंह का भी कार्यक्रम में सहयोग रहेगा।पोलियो उपसमिति के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को मंडल 3100 के 13 नगरों में रोटरी की ओर से एक साथ रैलियां निकाली जाएंगी।इनमें 10 हजार से अधिक रोटरी परिवार के सदस्य और स्कूली बच्चे भाग लेकर पोलियो उन्मूलन का संदेश देंगे।रोटरी पदाधिकारियों ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने की उपलब्धि को कायम रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जनसहभागिता जरूरी है।रैली के माध्यम से स्वस्थ समाज और पोलियो मुक्त भविष्य का संदेश दिया जाएगा।