विधायक राजीव सिंह पारीछा ने लगाई जनचौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
झाँसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करगुवां, ब्लॉक चिरगाँव में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने अधिकारियों की मौजूदगी में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं स्थानीय आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी प्राप्त की।
जनचौपाल में ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था, नाली एवं जल निकासी, मार्गों की स्थिति, पेयजल सहित गांव में संचालित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र के विकास को गति देना है।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। साथ ही संबंधित कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली जाएगी।
जनचौपाल के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।